जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कालानमक राइस एक्सपोर्ट डेवलपमेंट फाउंडेशन बोर्ड की बैठक संपन्न।
सिद्धार्थनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह की उपस्थिति में कालानमक राइस एक्सपोर्ट डेवलपमेंट फाउंडेशन बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कालानमक चावल के उत्पादन, प्रसंस्करण एवं विपणन को बढ़ावा देने के साथ किसानों की समस्याओं पर चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि कालानमक चावल के विक्रय में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। किसानों को उनकी उपज के विपणन के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कालानमक भवन को आकर्षक शोरूम के रूप में विकसित करने के भी निर्देश दिए, जिससे कालानमक चावल के प्रचार-प्रसार एवं बिक्री को बढ़ावा मिल सके।
इस दौरान उपकृषि निदेशक ने जानकारी दी कि कालानमक चावल की प्रोसेसिंग एफपीओ (किसान उत्पादक संगठन) के माध्यम से कराई जाएगी। इसके लिए किसानों से धान लेकर उसका प्रसंस्करण कराया जाएगा, जिससे उत्पाद की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ किसानों को बेहतर विपणन सुविधा उपलब्ध हो सके।
बैठक में उपकृषि निदेशक राजेश कुमार, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी गणेश प्रसाद सहित अन्य संबंधित अधिकारी, बोर्ड के सदस्य एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


