रिपोर्ट: संजय त्रिपाठी।
सिद्धार्थनगर। राप्ती नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच विधानसभा क्षेत्र डुमरियागंज के बाढ़ प्रभावित गांवों में शुक्रवार को पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने उपजिलाधिकारी विवेकानन्द मिश्र, नायब तहसीलदार राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नेबुआ, सिरसिया, धनोहरी, भरवाठिया, खुरपहवा, पेड़ारियाजीत सहित विभिन्न गांवों में बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया।
पूर्व विधायक ने प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं एवं कठिनाइयां जानीं तथा हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने अधिकारियों से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी ली।
इसके बाद उन्होंने सिरसिया स्थित 132 केवी विद्युत उपकेंद्र का निरीक्षण किया। चारों तरफ पानी होने के बावजूद विद्युत आपूर्ति सुचारु रूप से संचालित करने पर उन्होंने वहां मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत सामग्री, स्वास्थ्य सुविधाएं और आवश्यक सहायता तत्काल उपलब्ध कराने की बात कही। साथ ही बाढ़ से हुए नुकसान का स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
पूर्व विधायक ने कहा कि संकट की इस घड़ी में वह डुमरियागंज की जनता के साथ हर कदम पर खड़े हैं और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत रहेंगे।
इस दौरान लवकुश ओझा, चंद्र प्रकाश वर्मा,अंकित श्रीवास्तव, चंद्रभान चौधरी, गुड्डू तिवारी, अभिषेक, नरेंद्र दुबे, दद्दन वर्मा, शत्रुहन मिश्र, महेश वर्मा आदि मौजूद रहे।


