•मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लखनऊ कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण, किसानों को छह लाख रुपये तक ऋण की योजना शुरू
केके मिश्रा, संवाददाता
संत कबीर नगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भारत टैक्सी एवं मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के ई-पोर्टल, सहकारिता विभाग के उर्वरक सेतु मोबाइल ऐप तथा उत्तर प्रदेश को-आपरेटिव डेटाबेस सेंटर के मोबाइल ऐप यूपीसीडीसी को भी लॉन्च किया।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कृषि विभाग सभागार में किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष जगत जायसवाल की मौजूदगी में अधिकारियों, कर्मचारियों, किसानों और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों ने कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा और सुना।
कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम्य विकास बैंक की शाखाओं के माध्यम से किसानों को छह लाख रुपये तक का ऋण छह प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर उपलब्ध कराने की योजना भी शुरू की गई। इसके साथ ही भारत टैक्सी एप का भी शुभारंभ किया गया।
इस मौके पर पूर्व सांसद प्रतिनिधि आनंद त्रिपाठी, उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम्य विकास बैंक शाखा अध्यक्ष आनंद पासवान, खलीलाबाद शाखा अध्यक्ष जाकिर हुसैन, शाखा प्रबंधक महेंद्र नाथ तिवारी, अमित श्रीवास्तव, विंद्रा देवी, रामधनी, दयाराम कन्नौजिया, नरसिंह, विकास दुबे, संजीव कुमार समेत किसान, लाभार्थी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


