•पीआरवी-112 टीम ने तत्परता दिखाकर सभी घायलों को पहुंचाया अस्पताल, कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त।
रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
मिश्रिख (सीतापुर)। मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र में एक वैगनआर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार दंपती समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर पहुंची पीआरवी-112 टीम ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मिश्रिख पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, पीआरवी-112 की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों की नजर सड़क किनारे दुर्घटनाग्रस्त कार पर पड़ी। टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार में फंसे घायलों को बाहर निकलवाया और बिना देर किए अपने वाहन से अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में विमलेश बाजपेयी पुत्र रामदत्त बाजपेयी, उनकी पत्नी सरला देवी, खुशबू बाजपेयी पत्नी पिटू बाजपेयी तथा करीब पांच वर्षीय बच्ची श्यामभवी घायल हो गईं। सभी सीतापुर शहर के ब्रह्मपुरी क्षेत्र में आरएमपी डिग्री कॉलेज के निकट के निवासी बताए जा रहे हैं। उपचार के दौरान सभी की हालत गंभीर बताई गई।
घटना के समय पीआरवी-112 पर कांस्टेबल जितेश कुमार, होमगार्ड चालक अनूप कुमार और दरोगा जगदीश तिवारी तैनात थे। पुलिस टीम की तत्परता से घायलों को समय रहते अस्पताल पहुंचाया जा सका।


