•नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, मुख्यमंत्री के निर्देशों की अनदेखी का आरोप; डीएम से कार्रवाई की मांग।
रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
मिश्रिख (सीतापुर)। दीपावली जैसे रोशनी के पर्व पर भी मिश्रिख नगर पालिका क्षेत्र के मोहल्ला चंदूपुर में स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी रहीं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार नगर पालिका प्रशासन को सूचना देने के बावजूद लाइटों की मरम्मत नहीं कराई गई। इससे मोहल्ले की सड़कें अंधेरे में डूबी रहीं और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक ओर प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन और बेहतर नागरिक सुविधाओं का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारी बुनियादी समस्याओं की अनदेखी कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के मद्देनजर सड़कों और गलियों में लगी खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराने के सख्त निर्देश दिए थे, इसके बावजूद चंदूपुर मोहल्ले में व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई।
नागरिकों ने सवाल उठाया कि क्या नगर पालिका के अधिकारियों, सभासद और अध्यक्ष को दीपावली के त्योहार पर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी का एहसास नहीं था? शिकायतों के बाद भी समस्या का समाधान न होना जिम्मेदारों की उदासीनता को दर्शाता है।
स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेकर खराब स्ट्रीट लाइटों की तत्काल मरम्मत कराने तथा लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ जांच कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।गह


