रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। समाजवादी पार्टी के 33वें स्थापना दिवस के अवसर पर मथुरा-वृंदावन विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी अनिल अग्रवाल के कैंप कार्यालय पर वैचारिक गोष्ठी का आयोजन कर स्थापना दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर, श्रद्धेय नेताजी मुलायम सिंह यादव और किसानों के मसीहा पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई।
इस अवसर पर मथुरा-वृंदावन विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी अनिल अग्रवाल ने कहा कि समाजवादी पार्टी की स्थापना 4 अक्टूबर 1992 को नेताजी मुलायम सिंह यादव ने शोषित, वंचित, पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज के सम्मान एवं अधिकारों के लिए की थी। उन्होंने कहा कि पार्टी की विचारधारा आज राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के रूप में आगे बढ़ रही है।
अंबेडकर वाहिनी के पूर्व महानगर अध्यक्ष एवं पार्षद मुन्ना मलिक ने कहा कि बाबा साहब का संविधान, नेताजी का संघर्ष और चौधरी चरण सिंह की किसान नीति समाजवादी विचारधारा के प्रमुख आधार हैं। उन्होंने कहा कि इन्हीं विचारों को लेकर पार्टी कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं।
कार्यक्रम में मौजूद समाजवादी कार्यकर्ताओं ने आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को मजबूत करने तथा मथुरा-वृंदावन सहित पूरे ब्रज क्षेत्र में बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सचिव पवन चौधरी, अभिषेक यादव, रमेश सैनी, मुन्ना मलिक, बबलू कश्यप, सूरजभान चौधरी, लवकुश, गजेंद्र शर्मा, नरेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।


