के के मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। विगत दिनों जंगल दशहर में हुई श्री राजू कन्नौजिया जी की निर्मम हत्या के मामले में बुधवार को श्री अनिल त्रिपाठी जी ने पीड़ित परिवार के आवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की।
उन्होंने शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और इस असीम दुःख की घड़ी में परिवार को ढांढस बंधाया। इस हृदयविदारक और जघन्य घटना को अत्यंत निंदनीय बताते हुए श्री त्रिपाठी ने मौके से ही संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों से टेलीफोन पर वार्ता की।
उन्होंने अधिकारियों से मामले की गंभीरता को देखते हुए दोषियों के विरुद्ध त्वरित, निष्पक्ष और कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय मिल सके।
मुलाकात के दौरान श्री त्रिपाठी ने पीड़ित परिवार को पूर्ण रूप से आश्वस्त किया कि उन्हें शासन-प्रशासन के स्तर से हर संभव प्रशासनिक और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए वे कटिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि दुःख और संघर्ष की इस कठिन घड़ी में वे पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं।


