केके मिश्रा, संवाददाता।
मेंहदावल (संतकबीर नगर)। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मेंहदावल में भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रधानमंत्री जी की जनसेवा की प्रेरणा से मेंहदावल विधानसभा के विधायक श्री अनिल कुमार त्रिपाठी ने सीएचसी में उपचार के लिए आए बहिरंग रोगियों (OPD) को फल वितरित किए और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की मंगलकामना की।
कार्यक्रम के दौरान विधायक जी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों का हाल-चाल जाना और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने मौजूद डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया कि केंद्र पर आने वाले प्रत्येक मरीज को समुचित इलाज, देखभाल और दवाओं की उपलब्धता प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर विधायक श्री अनिल त्रिपाठी ने कहा कि अपने दृढ़ संकल्पों को साकार रूप देकर माँ भारती के मान-सम्मान को विश्व पटल पर स्थापित करने वाले प्रधानमंत्री जी के प्रति आम जन का यह अटूट विश्वास ही भारत के सृजनात्मक व समावेशी विकास के मार्ग को प्रशस्त कर रहा है।
कार्यक्रम में केंद्र अधीक्षक डॉ. श्वेतांक सिंह, भाजपा मेंहदावल पूर्वी के मंडल अध्यक्ष श्री दीपक शुक्ल, समस्त चिकित्सा स्टाफ, स्थानीय कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में मरीज उपस्थित रहे।


