•नवंबर से पीएम पोषण योजना में होगा बदलाव, शुक्रवार को मिलेगा विशेष पूरक पोषण।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को नवंबर 2026 से पीएम पोषण योजना के तहत सर्दियों में सूजी का हलवा और नमकीन उपमा दिया जाएगा। शासन के निर्देश पर इसके लिए बजट की व्यवस्था की गई है। योजना के तहत प्रत्येक शुक्रवार को बच्चों को पूरक पोषण उपलब्ध कराया जाएगा।
बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति की पहल और शासन के दिशा-निर्देशों के क्रम में पूरक पोषण वितरण की तैयारी की जा रही है। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार, महीने के पहले और तीसरे शुक्रवार को बच्चों को सूजी का हलवा दिया जाएगा, जबकि दूसरे, चौथे और पांचवें शुक्रवार को नमकीन उपमा वितरित किया जाएगा।
अक्षय पात्र मोंट किचन के ऑपरेशन हेड उमाशंकर उपाध्याय ने बताया कि योजना के तहत ट्रायल के तौर पर चार रूटों के विद्यालयों में सूजी का हलवा भेजा गया। बच्चों को हलवा मिलने पर उनके चेहरे खिल उठे। उन्होंने बताया कि योजना का उद्देश्य बच्चों को सर्दियों में गर्म और पौष्टिक पूरक आहार उपलब्ध कराना है।
नई व्यवस्था से परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार अतिरिक्त पोषण मिल सकेगा। विभाग की ओर से शासन के निर्देशों के अनुरूप योजना के संचालन की तैयारी की जा रही है।


