रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने जनपद के समस्त अभिभावकों से अपने पाल्य-पाल्या की APAAR ID (Automated Permanent Academic Account Registry) बनवाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि APAAR ID विद्यार्थियों की स्थायी डिजिटल शैक्षिक पहचान है, जिसमें उनकी शैक्षिक उपलब्धियों, प्रमाण-पत्रों और अकादमिक अभिलेखों को डिजिटल रूप से सुरक्षित एवं व्यवस्थित रखने में सुविधा मिलती है।
उन्होंने बताया कि APAAR ID के माध्यम से विद्यार्थियों के शैक्षिक अभिलेखों का सुगम प्रबंधन, उपलब्धियों का डिजिटल संधारण तथा भविष्य में विभिन्न शैक्षिक संस्थानों के बीच अभिलेखों के आदान-प्रदान में सुविधा होगी। इससे विद्यार्थियों की शैक्षिक यात्रा को अधिक सुव्यवस्थित और डिजिटल बनाने में भी मदद मिलेगी।
बीएसए ने अभिभावकों से विद्यालय से समन्वय स्थापित कर आवश्यक सहमति एवं विवरण उपलब्ध कराने तथा अपने बच्चों की APAAR ID शीघ्र बनवाने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण शैक्षिक पहल को सफल बनाने में अभिभावकों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने संदेश दिया कि “आपके बच्चे की APAAR ID उसकी डिजिटल शैक्षिक पहचान है।”


