•215 ई-रिक्शा का चालान, नियम तोड़ने वालों को दी सख्त चेतावनी।
रिपोर्ट: सुनील पाण्डेय।
महराजगंज। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए महराजगंज पुलिस ने सोमवार को नाबालिग ई-रिक्शा चालकों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में जिले के सभी थानों की पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान नाबालिगों द्वारा संचालित तथा बिना वैध कागजात के चल रहे 91 ई-रिक्शा सीज किए गए। वहीं क्षमता से अधिक सवारी बैठाने, अवैध पार्किंग समेत विभिन्न यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 215 ई-रिक्शा का चालान किया गया।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान नाबालिग चालकों के परिजनों और ई-रिक्शा स्वामियों को सख्त हिदायत दी कि किसी भी स्थिति में नाबालिगों को वाहन न सौंपें। ऐसा करते पाए जाने पर वाहन स्वामी और अभिभावक दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
महराजगंज पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने देने की अपील की है। पुलिस के अनुसार सड़क सुरक्षा को लेकर यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।


