•मां ललिता देवी मंदिर, चक्रतीर्थ सहित प्रमुख स्थलों का किया निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के दिए निर्देश।
रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
सीतापुर। आगामी दुर्गा पूजा, दशहरा और दीपावली के त्योहारों को देखते हुए सीतापुर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को पुलिस महानिरीक्षक, लखनऊ परिक्षेत्र किरण एस. ने नैमिषारण्य पहुंचकर कानून-व्यवस्था की स्थिति और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रमुख धार्मिक स्थलों का किया निरीक्षण
पुलिस महानिरीक्षक ने नैमिषारण्य स्थित मां ललिता देवी मंदिर, चक्रतीर्थ, राजघाट कॉरिडोर, देवदेवेश्वर घाट तथा सीसीटीवी निगरानी कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी प्रणाली और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ेगी पुलिस की निगरानी
बैठक के दौरान आईजी ने त्योहारों के समय शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने, दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूसों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा पीस कमेटी की बैठकें समय से आयोजित कराने पर जोर दिया। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से प्रमुख स्थलों की सतत निगरानी रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और चोरी की घटनाओं पर विशेष ध्यान
आईजी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नैमिषारण्य में दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। मंदिरों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित की जाए तथा चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए सतर्कता बढ़ाई जाए। त्योहारों के दौरान भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा निगरानी को प्रभावी बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
निरीक्षण एवं बैठक के दौरान जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर., पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


