कुदरहा। कुदरहा क्षेत्र में गुरुवार से हो रही बारिश और तेज हवाओं ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। बारिश और हवा के कारण खेतों में खड़ी गन्ना और धान की फसल गिर गई है। इससे किसानों को काफी नुकसान होने की आशंका है।
क्षेत्र के किसान सहाबुद्दीन ने बताया कि तेज हवा और लगातार बारिश के कारण उनकी करीब दो बीघा गन्ने और धान की फसल खेत में गिर गई। फसल गिरने से उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है। वहीं, क्षेत्र के कई अन्य किसानों के खेतों में भी धान और गन्ने की फसल गिरने की जानकारी सामने आई है।
किसानों का कहना है कि इस समय फसल खेतों में तैयार हो रही है। ऐसे में बारिश और तेज हवा से फसल गिरने के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। किसानों ने प्रशासन से प्रभावित खेतों का स्थलीय निरीक्षण कराकर नुकसान का आकलन कराने की मांग की है। साथ ही शासन से नियमानुसार फसल क्षति का मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है।


