रिपोर्ट: संजय त्रिपाठी।
सिद्धार्थनगर। धनतेरस के अवसर पर शुक्रवार को भनवापुर क्षेत्र के गागापुर स्थित राप्ती नदी तट पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में दीपोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान 11 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए, जिससे पूरा घाट दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
फूलों की सजावट, रंगोली और दीपों से सजे घाट पर शाम होते ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। बच्चों, महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने दीपोत्सव में सहभागिता की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विभाग प्रचारक राजीव नयन ने कहा कि दीप केवल अंधकार दूर करने का प्रतीक नहीं, बल्कि समाज में समरसता, प्रेम और राष्ट्रभाव जागृत करने का माध्यम भी है। उन्होंने स्वदेशी अपनाने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक खुशियों का प्रकाश पहुंचाने का आह्वान किया।
जिला प्रचारक अवनीश ने युवाओं से भारतीय संस्कृति और मूल्यों से जुड़े रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक एकता को मजबूत करने में सहायक होते हैं।
दीप प्रज्ज्वलन के बाद पूरा परिसर देशभक्ति और धार्मिक जयघोषों से गूंज उठा। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बिजौरा चौकी प्रभारी चंद्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ तैनात रहे।
आयोजन में सह खंड संघचालक अक्षय कुमार, खंड कार्यवाह अजय यादव, खंड सेवा प्रमुख विशाल, अभिषेक, आशीष, गजेंद्र शुक्ल, नीलेश शुक्ल, फागू गुप्ता, कालीप्रसाद, तिजोरी अग्रहरी, हरिप्रसाद यादव सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।


