संत कबीर नगर। जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी डॉ. सलोनी गर्ग ने बताया कि युवा कल्याण विभाग के अंतर्गत ग्रामीण स्टेडियम, सिरसी, विकासखंड हैंसर बाजार में खेल प्रशिक्षक के एक पद पर आउटसोर्सिंग के माध्यम से सेवायोजन के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। पद के लिए सेवायोजन पोर्टल पर विज्ञप्ति 18 सितंबर 2026 को प्रकाशित की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि खेल प्रशिक्षक पद पर चयन शासन द्वारा निर्धारित पात्रता एवं चयन प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थी को ₹25,000 प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। आवेदन की अंतिम तिथि 4 अक्टूबर 2026 निर्धारित है और आवेदन सेवायोजन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन किया जाएगा।
पात्रता के संबंध में उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय (सीनियर वर्ग) स्तर के खिलाड़ियों के लिए इंटरमीडिएट तथा एनआईएस/एलएनआईपीई से डिप्लोमा धारक होना आवश्यक है। राज्य स्तरीय, राष्ट्रीय स्तरीय तथा अंतरराष्ट्रीय (जूनियर वर्ग) के खिलाड़ियों के लिए किसी भी स्ट्रीम में स्नातक एवं मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से बीपीएड होना अनिवार्य है। अभ्यर्थी की आयु 1 अप्रैल 2026 को 21 वर्ष या उससे अधिक तथा 45 वर्ष से कम होनी चाहिए।
चयन प्रक्रिया कुल 100 अंकों के आधार पर होगी। इसमें शैक्षिक योग्यता, खेल उपलब्धि एवं वरीयता के लिए 30 अंक, शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए 20 अंक तथा स्किल टेस्ट के लिए 50 अंक निर्धारित हैं। शारीरिक दक्षता परीक्षा में न्यूनतम 10 अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा। पुरुष एवं महिला अभ्यर्थियों के लिए शासनादेश में निर्धारित अलग-अलग मानकों के अनुसार शारीरिक दक्षता एवं खेल-कौशल का परीक्षण किया जाएगा।
स्किल टेस्ट में एथलेटिक्स ग्राउंड की मार्किंग एवं नियम, व्यक्तिगत खेल के मैदान/प्लेटफॉर्म की मार्किंग एवं नियम, टीम खेलों से संबंधित नियम तथा योग-योगासन से संबंधित ज्ञान का परीक्षण किया जाएगा। चयन से पूर्व अभ्यर्थियों के शैक्षिक एवं खेल प्रमाण-पत्रों का परीक्षण भी होगा। चयनित अभ्यर्थी का पुलिस सत्यापन, चरित्र सत्यापन एवं स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र संबंधी कार्रवाई शासनादेश के अनुसार की जाएगी।
जिला युवा कल्याण अधिकारी ने इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से 4 अक्टूबर 2026 तक सेवायोजन पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आवेदन करने से पहले पोर्टल पर उपलब्ध विस्तृत विज्ञप्ति, पात्रता, शर्तों एवं चयन प्रक्रिया का अवलोकन अवश्य कर लें।


