केके मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड, शाखा खलीलाबाद के शाखा प्रबंधक ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन ने प्रदेश के लघु एवं सीमांत किसानों को रियायती ब्याज दर पर दीर्घकालिक ऋण उपलब्ध कराने के लिए ‘मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना’ लागू की है।
योजना के तहत किसानों को छह लाख रुपये तक का ऋण छह प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड को ऋण प्रदाता बैंक नामित किया गया है।
उन्होंने बताया कि योजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री द्वारा 23 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे लखनऊ से पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रदेश के सभी जनपदों से किसान, जनप्रतिनिधि, सहकारी बंधु एवं बैंक कर्मचारी डिजिटल माध्यम से ऑनलाइन सहभागिता करेंगे।
इसी क्रम में जनपद संत कबीर नगर में भी कार्यक्रम का आयोजन उप कृषि निदेशक कार्यालय, जिलाधिकारी आवास के समीप स्थित प्रथम तल के सभागार में सुबह 10 बजे किया जाएगा। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती नीतू सिंह एवं खलीलाबाद विधायक अंकुरराज तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।


