मैरुंड गांवों में प्रशासन ने तेज किया राहत वितरण, फसल क्षति का सर्वे भी शुरू
•रिपोर्ट: संजय त्रिपाठी।
सिद्धार्थनगर। राप्ती नदी में आई बाढ़ से प्रभावित एवं मैरुंड गांवों में प्रशासन की ओर से राहत सामग्री का वितरण लगातार जारी है। इसी क्रम में विभिन्न बाढ़ राहत केंद्रों पर कुल 1392 बाढ़ पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की गई।
बाढ़ राहत केंद्र मंडी समिति सहियापुर में ग्राम कोहल चक रमवापुर के 190 तथा मछिया के 375 बाढ़ पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री दी गई। वहीं, बाढ़ राहत केंद्र जुड़वानिया में ग्राम नेहतुआ के 312 परिवारों तथा बाढ़ राहत केंद्र पेडरियाजीत में ग्राम वीरपुर एहतमाली के शेष 515 परिवारों को राहत सामग्री वितरित की गई।
बाढ़ राहत केंद्र जुड़वानिया में इटवा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी तथा उपजिलाधिकारी डुमरियागंज विवेकानंद मिश्र ने राहत सामग्री का वितरण किया। वहीं मंडी समिति सहियापुर में नगर पंचायत भारत भारी के चेयरमैन चंद्र प्रकाश वर्मा ने राहत सामग्री वितरण का शुभारंभ कराया।
इस दौरान उपजिलाधिकारी विवेकानंद मिश्र ने कहा कि प्रशासन बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता और सुरक्षा के लिए पूरी तरह तत्पर है। दिन में अचानक हुई बारिश के कारण कुछ निर्धारित गांवों में राहत सामग्री का वितरण नहीं हो सका। ऐसे गांवों में जल्द राहत सामग्री पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए सभी लेखपाल और राजस्व निरीक्षक युद्धस्तर पर कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फसल क्षति का सर्वे भी शुरू कर दिया गया है। लेखपालों को प्रतिदिन प्लाटवार सर्वे कर क्षति का विवरण ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्य में लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
राहत सामग्री वितरण के दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष कृष्णा मिश्र, भाजयुमो जिलाध्यक्ष गौरव मिश्रा, नायब तहसीलदार राघवेंद्र कुमार पांडेय, राजस्व निरीक्षक रमेश चंद्र श्रीवास्तव, अजय कुमार बक्शी, सुग्गू लाल, लेखपाल अजय कुमार जायसवाल, सत्येंद्र कुमार मिश्रा, प्रवेश कुमार शुक्ला, राहुल वर्मा, पवन यादव, संजय वरुण, जियालाल, बृजकिशोर तिवारी, नागेंद्र सिंह सहित राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


