कुदरहा, बस्ती। वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध में रेजांगला की धरती पर अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए देश के लिए प्राण न्योछावर करने वाले 114 वीर अहीर सैनिकों की याद में 18 नवंबर को रेजांगला शौर्य दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर कुदरहा ब्लॉक परिसर में दोपहर 12 बजे श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित होगा।
कार्यक्रम में वीर शहीदों के बलिदान और देशभक्ति को याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे। आयोजकों का उद्देश्य युवाओं और नई पीढ़ी को रेजांगला के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराना है।
रेजांगला शौर्य कमेटी के अध्यक्ष दिग्विजय यादव ‘देवा’ ने क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की है।


