कड़ी मशक्कत के बाद काबू में आया जहरीला सांप, आबादी से दूर जंगल में छोड़ा गया
मिल्कीपुर-अयोध्या। कुमारगंज मुख्य बाजार में उस समय हड़कंप मच गया, जब शुक्रवार को अचानक एक रसेल वाइपर सांप दिखाई दिया। अत्यधिक व्यस्त बाजार क्षेत्र में जहरीले सांप के निकलने की सूचना मिलते ही दुकानदारों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई।
सांप के बेहद जहरीला होने की जानकारी के चलते शुरुआत में कोई भी उसके करीब जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। काफी देर तक बाजार में दहशत का माहौल बना रहा। इसके बाद कुछ स्थानीय युवकों ने सावधानी बरतते हुए काफी मशक्कत के बाद सांप को काबू में कर लिया और सुरक्षित बोरे में बंद कर दिया।
सांप के पकड़े जाने के बाद स्थानीय व्यापारियों और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने पकड़े गए रसेल वाइपर को आबादी वाले क्षेत्र से काफी दूर ले जाकर जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया।
बताया जाता है कि रसेल वाइपर भारत में पाए जाने वाले अत्यधिक विषैले सांपों में शामिल है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह सांप खतरा महसूस होने पर आक्रामक हो सकता है। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि आबादी या बाजार क्षेत्र में सांप दिखाई देने पर उसे स्वयं पकड़ने का प्रयास न करें, बल्कि तत्काल वन विभाग या प्रशिक्षित सर्प मित्र को सूचना दें।


