ग्रेटर नोएडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत की वास्तविक चेतना उसकी सनातन परंपरा में निहित है। यदि सनातन भारत की जीवन-दृष्टि है, तो नारी उस जीवन-दृष्टि का स्पंदन है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा में आयोजित ‘उत्कर्ष नारी सम्मान, युवा स्वाभिमान, प्रेरणा विमर्श-2026’ के समापन समारोह में सम्मिलित हुए। इस दौरान उन्होंने नारी शक्ति, युवा स्वाभिमान और भारतीय जीवन-मूल्यों से जुड़े विषयों पर आयोजित विमर्श में सहभागिता की।
कार्यक्रम के अवसर पर समाज तक सार्थक विमर्श पहुंचाने की वैचारिक यात्रा को आगे बढ़ाने वाली पत्रिका ‘केशव संवाद’ के विशेषांक ‘युवा और उत्तर प्रदेश’ तथा ‘प्रेरणा विचार’ के विशेषांक ‘उत्तर प्रदेश: मातृशक्ति’ का विमोचन किया गया।
मुख्यमंत्री ने संवाद के इस अभिनव प्रयास के लिए प्रेरणा विमर्श से जुड़े सभी पदाधिकारियों का हृदय से अभिनंदन किया। कार्यक्रम में युवाओं और महिलाओं की भूमिका, भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों तथा समाज में सकारात्मक वैचारिक संवाद को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।


