•एक माह तक चलेगा अभियान, अस्पतालों में फल वितरण, रक्तदान शिविर और विश्वकर्मा जयंती पर टूलकिट वितरण होगा
बस्ती। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवाकाल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और प्रत्येक नागरिक को ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से जनपद में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर को होगा।
अभियान के प्रथम दिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे के मध्य विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत अस्पतालों में मरीजों को फल वितरित किए जाएंगे तथा रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। वहीं, विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर लाभार्थियों को टूलकिट का वितरण किया जाएगा।
अभियान के प्रथम दिवस का मुख्य आकर्षण शाम 7 बजे आयोजित होने वाला ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम होगा। इसके तहत वर्ष 2014 के बाद केंद्र सरकार तथा वर्ष 2017 के बाद केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा जनपद में कराए गए प्रमुख विकास कार्यों और निर्माण परियोजनाओं को दीप प्रज्ज्वलन के माध्यम से रेखांकित किया जाएगा।
जनपद के सभी विभागों द्वारा किए गए प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर एवं प्रोजेक्ट कार्यों के साथ तीर्थस्थलों, आवासीय परियोजनाओं, चिकित्सालयों, शिक्षण संस्थानों, कार्यालयों तथा शहरी निकायों और ग्राम पंचायतों द्वारा कराए गए निर्माण कार्यों को कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा। इनमें पंचायत सचिवालय, अन्नपूर्णा भवन और अमृत सरोवर सहित 10 प्रमुख स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
अभियान का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ नागरिकों को विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है।


