रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। ब्रज की राजनीति में शनिवार को बड़ा उलटफेर हो गया। मांट विधानसभा सीट से आठ बार विधायक रहे पूर्व मंत्री पंडित श्याम सुंदर शर्मा ने 33 साल बाद कांग्रेस में घर वापसी कर ली है। समर्थकों के 500 गाड़ियों के काफिले के साथ वे नई दिल्ली स्थित AICC मुख्यालय पहुंचे, जहां राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला, पवन खेड़ा और दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।
इस मौके पर शर्मा ने कहा कि मैं स्वतंत्रता सेनानी परिवार से आता हूं। कांग्रेस सेवा भाव रखती है। देश में राहुल गांधी ही एकमात्र नेता हैं जो मानववाद की बात करते हैं।
गौरतलब है कि श्याम सुंदर ने 1989 में पहला चुनाव कांग्रेस के टिकट पर ही जीता था, फिर 1991 और 1993 में भी कांग्रेस से विधायक बने। 2017 में बसपा से आठवीं बार विधानसभा पहुंचे, लेकिन अक्टूबर 2024 में बसपा ने उन्हें निष्कासित कर दिया था। 2022 का चुनाव वे भाजपा के राजेश चौधरी से 9580 वोटों से हार गए थे।
जानकारों के मुताबिक उनके आने से मथुरा की मांट और मथुरा शहर सीट पर कांग्रेस मुख्य मुकाबले में आ गई है। कयास लगाए जा रहे हैं कि 2027 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस उन्हें मांट से प्रत्याशी बना सकती है।


