रिपोर्ट: विजय नागपाल।
लखनऊ / मथुरा। प्रमुख समाजसेवी कुंवर नरेन्द्र सिंह ने सोमवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास 5 कालिदास मार्ग पर शिष्टाचार मुलाकात की। करीब 20 मिनट चली इस मुलाकात में उन्होंने ब्रज क्षेत्र के विकास और किसानों की समस्याओं को लेकर विस्तृत चर्चा की।
छाता शुगर मिल का मुद्दा प्रमुखता से उठाया
कुंवर नरेन्द्र सिंह ने मुख्यमंत्री के समक्ष सबसे बड़ा मुद्दा छाता शुगर मिल को पुनः शुरू कराने का रखा। उन्होंने बताया कि छाता शुगर मिल लंबे समय से बंद पड़ी है। इसके बंद होने से छाता, मांट, गोवर्धन, बरसाना और आसपास के सैकड़ों गांवों के हजारों गन्ना किसानों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि किसानों को अपना गन्ना लेकर 40 से 50 किलोमीटर दूर छाता से बाहर की मिलों में जाना पड़ता है। इससे ट्रांसपोर्ट का खर्चा बढ़ गया है, गन्ने की छिलाई में नुकसान होता है और सबसे बड़ी समस्या भुगतान में देरी की है। यदि यह मिल शुरू हो जाए तो किसानों को समय पर भुगतान मिलेगा और क्षेत्र के नौजवानों को रोजगार भी मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने दिया आश्वासन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित गन्ना विभाग और औद्योगिक विकास विभाग के अधिकारियों से इस संबंध में रिपोर्ट तलब करने और उचित कार्यवाही करने का आश्वासन दिया।
मुलाकात के बाद कुंवर नरेन्द्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने हमेशा किसानों के हित में फैसले लिए हैं। मुझे पूरी उम्मीद है कि छाता शुगर मिल जल्द ही शुरू होगी और किसानों को राहत मिलेगी। इस मुलाकात से क्षेत्र के किसानों और युवाओं में नई उम्मीद जगी है।


