•समाजवाद, सामाजिक न्याय और समानता के रास्ते पर चलने का लिया संकल्प।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। समाजवादी पार्टी के संस्थापक, पद्म विभूषण से सम्मानित, देश के पूर्व रक्षा मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्रद्धेय मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर शनिवार को सोंख रोड स्थित कैम्प कार्यालय पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
श्रद्धांजलि सभा में अम्बेडकर वाहिनी के पूर्व महानगर अध्यक्ष रमेश सैनी ने कहा कि नेताजी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक युग और विचारधारा का नाम हैं। उनका संपूर्ण जीवन शोषितों, वंचितों, किसानों, नौजवानों और गरीबों की आवाज बुलंद करने के लिए समर्पित रहा। समाजवादी विचारधारा ने हमेशा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को सम्मान और अधिकार दिलाने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि नेताजी ने समाजवाद, समता, समानता और धर्मनिरपेक्षता की जिस विचारधारा को आगे बढ़ाया, उसे राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में सभी कार्यकर्ता आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
सपा के वरिष्ठ नेता ऋषि अग्निहोत्री और अभिषेक यादव ने संयुक्त रूप से कहा कि नेताजी का जीवन संघर्ष, सादगी और सामाजिक न्याय की प्रेरणादायी मिसाल है। उनके बताए मार्ग पर चलकर समाजवादी विचारधारा को मजबूत करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने वर्ष 2027 में पीडीए की सरकार बनाने के संकल्प के साथ पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर रवि दिवाकर, राजगब्बर नेताजी, ऋषि अग्निहोत्री, अभिषेक यादव, सूरज भान चौधरी, साहिल अग्रवाल, बबलू कश्यप, गजेंद्र शर्मा, लवकुश चौधरी, कृष्णा सैनी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


