•गोवर्धन के चौधरी भगवान सिंह इंटर कॉलेज, मकहेरा में आयोजित हुई दो दिवसीय ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता।
•जिला पंचायत अध्यक्ष के बड़े भाई ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। ग्रामीण अंचल की खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें आगे बढ़ाने के उद्देश्य से गोवर्धन के चौधरी भगवान सिंह इंटर कॉलेज, मकहेरा में नशा मुक्त युवा फोर विकसित भारत कार्यक्रम के तहत दो दिवसीय ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इस प्रतियोगिता में क्षेत्र के युवाओं ने भारी उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी के बड़े भाई एवं प्रतिष्ठित समाजसेवी देवी सिंह ने विशेष रूप से सहभागिता की। उन्होंने खेल मैदान में पहुंचकर सभी खिलाड़ियों का आत्मीयता से उत्साहवर्धन किया और खेल के महत्व पर जोर दिया।
इस दौरान प्रतिष्ठित समाजसेवी देवी सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत है तो बस उन्हें सही मंच और प्रोत्साहन देने की। सरकार और जनप्रतिनिधियों के प्रयासों से आज ग्रामीण खेलों को एक नई पहचान मिल रही है। उन्होंने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं दी और नशे से दूर रहने की सलाह दी ।
कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाते हुए इस अवसर पर प्रताप सिंह राना (प्रधान, जुड़ावई), महावीर नेता (जल्फा) और गिर्राजजी (नगला वर) सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे। अतिथियों ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके बेहतरीन खेल कौशल और प्रतिभा की भरपूर सराहना करते हुए उनकोे प्रशस्ति पत्र देकर पुरुस्कृत व सम्मानित किया।


