•नगर आयुक्त ने जनरल गंज स्थित सिटी जोन कार्यालय का किया निरीक्षण, पुराने भवनों के ध्वस्तीकरण और पुनर्विकास की बनेगी कार्ययोजना।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। शहर में पार्किंग की समस्या के समाधान और नगर निगम की संपत्तियों के बेहतर उपयोग की दिशा में नगर निगम प्रशासन ने पहल शुरू की है। नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने नगर निगम मथुरा-वृंदावन के सिटी जोन स्थित जनरल गंज कार्यालय परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परिसर की उपलब्ध भूमि, भवनों की स्थिति और आधारभूत ढांचे का जायजा लेते हुए इसके पुनर्विकास की संभावनाएं तलाशी।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने भवन की छत पर पहुंचकर पूरे परिसर का अवलोकन किया। उन्होंने भवन के इंफ्रास्ट्रक्चर, वर्तमान स्थिति, उपलब्ध भूमि और परिसर के कुल क्षेत्रफल की जानकारी ली। साथ ही परिसर में स्थित पुराने एवं अनुपयोगी भवनों की स्थिति का जायजा लेते हुए आवश्यकतानुसार उनके ध्वस्तीकरण की संभावनाओं पर विचार किया।
नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को परिसर के पुनर्विकास के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इसमें पुराने भवनों के ध्वस्तीकरण के बाद मलबा हटाने, भूमि को समतल करने और उपलब्ध जमीन का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के विकल्प शामिल करने को कहा।
उन्होंने परिसर में मल्टीलेवल पार्किंग विकसित करने के साथ व्यावसायिक उपयोग की संभावनाओं का भी परीक्षण करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने कहा कि पुनर्विकास की योजना इस तरह तैयार की जाए, जिससे शहर की आवश्यकताओं के अनुरूप पार्किंग की समस्या का समाधान हो और नगर निगम की संपत्तियों का अधिकतम एवं सुनियोजित उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार तथा मुख्य अभियंता (निर्माण) संजय सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


