•12 वर्षों से यमुना शुद्धिकरण के नाम पर हो रहे खर्च का मांगा हिसाब, गंदे नालों को बंद कराने की उठाई मांग
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। धर्म और आस्था की नगरी मथुरा में यमुना की बदहाल स्थिति को लेकर अब पत्रकार भी आंदोलन की राह पर उतर आए हैं। शनिवार, 14 नवंबर को होली गेट चौराहा पर पत्रकार दीपक सारस्वत ने यमुना शुद्धिकरण और भ्रष्टाचार के खिलाफ एक दिवसीय मौन व्रत रखा। उन्होंने सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक उपवास रखकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान यमुना की दुर्दशा की ओर आकर्षित किया।
पत्रकार दीपक सारस्वत ने सवाल उठाया कि पिछले 12 वर्षों से यमुना शुद्धिकरण के नाम पर लगातार घोषणाएं, योजनाएं और आश्वासन दिए जा रहे हैं, लेकिन आज भी यमुना में गंदे नाले गिर रहे हैं। आखिर यमुना शुद्धिकरण के नाम पर कितना धन खर्च हुआ और उसका परिणाम कहां दिखाई दे रहा है?
उन्होंने कहा कि मथुरा में पांच विधायक और एक सांसद होने के बावजूद यमुना में गिर रहे गंदे नालों की समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। जब यमुना की आवाज उठाने के लिए पत्रकारों को मौन व्रत रखना पड़ रहा है, तो सवाल यह भी है कि जनप्रतिनिधि और समाजसेवी इस गंभीर मुद्दे पर कहां हैं?
मौन व्रत के माध्यम से उन्होंने यमुना में गिर रहे सभी गंदे नालों को तत्काल बंद कराने, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) को पूरी क्षमता से संचालित करने, यमुना शुद्धिकरण पर खर्च हुए बजट का हिसाब सार्वजनिक करने तथा जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही तय करने की मांग उठाई।
जानकारी के अनुसार, शाम 6 बजे मौन व्रत खुलवाने के लिए सिटी मजिस्ट्रेट के पहुंचने का कार्यक्रम निर्धारित था। दीपक सारस्वत ने ब्रजवासियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं, व्यापारियों और पर्यावरण प्रेमियों से भी इस आंदोलन में सहयोग करने की अपील की।
दीपक सारस्वत का कहना है कि यह मौन व्रत केवल उपवास नहीं, बल्कि सत्ता और व्यवस्था से जवाब मांगने का संकल्प है। यमुना बचेगी, तभी ब्रज की पहचान, आस्था और संस्कृति सुरक्षित रहेगी।


