•आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा ने बनाया प्रत्याशी, औरैया में भी कार्यकर्ताओं ने जताई खुशी
विजय दूत(मयंक त्रिपाठी/रवि शंकर शुक्ल)
औरैया। भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की 11 सीटों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। इनमें आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से इंजीनियर हरि किशोर तिवारी को भाजपा का प्रत्याशी बनाया गया है। प्रत्याशी की घोषणा के बाद शिक्षक-कर्मचारी संगठनों के साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं में भी उत्साह का माहौल है। प्रत्याशी घोषित होने के बाद इंजीनियर हरि किशोर तिवारी ने डिप्टी सीएम बृजेश पाठक से भी मुलाकात की है।
हरि किशोर तिवारी लंबे समय से कर्मचारी एवं शिक्षक संगठनों से जुड़े रहे हैं। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों को उठाने के साथ विभिन्न संगठनों के बीच समन्वय की भूमिका निभाई है। उनकी उम्मीदवारी की घोषणा के बाद कर्मचारी तथा शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों ने उनसे मुलाकात कर शुभकामनाएं दीं और विभिन्न समस्याओं एवं प्राथमिकताओं से अवगत कराया।
संगठनात्मक गतिविधियों में रही सक्रिय भूमिका
हरि किशोर तिवारी ने इंजीनियरिंग क्षेत्र से अपनी सेवाओं की शुरुआत की। इसके बाद कर्मचारी संगठनों में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए वह राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष पद तक पहुंचे। डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ, माध्यमिक एवं प्राथमिक शिक्षक संगठनों समेत विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों से उनका लगातार संपर्क रहा है।
उनकी संगठनात्मक सक्रियता केवल कर्मचारी हितों तक सीमित नहीं रही। सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों में भी उनकी भागीदारी रही है। कर्मचारी संगठनों की ओर से उनके कार्यकाल में रक्तदान, दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट, गरीबों को कंबल वितरण, प्रतिभावान विद्यार्थियों के सम्मान, होली मिलन, दीपावली मिलन और भंडारा जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने का उल्लेख किया गया है।
शिक्षक-कर्मचारी हितों की आवाज मजबूत होने की उम्मीद
आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी बनाए जाने के बाद शिक्षक संगठनों में इस बात को लेकर चर्चा है कि लंबे समय से कर्मचारी और शिक्षक संगठनों में सक्रिय रहे तिवारी विधान परिषद में शिक्षक-कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठा सकते हैं।
भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि उनकी संगठनात्मक पृष्ठभूमि और शिक्षक-कर्मचारी संगठनों के बीच लंबे समय से बने संपर्क का चुनाव में महत्व रहेगा।
पूर्व जिलाध्यक्ष भाजयुमो संतोष शर्मा लल्ला ने जताई खुशी
वरिष्ठ भाजपा नेता एवं भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष संतोष शर्मा लल्ला ने हरि किशोर तिवारी को आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी बनाए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक और कर्मचारी समाज से लंबे समय से जुड़े व्यक्ति को पार्टी ने जिम्मेदारी दी है। इससे शिक्षक-कर्मचारी हितों से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से सामने रखने का अवसर मिलेगा। भाजपा जिला अध्यक्ष डॉक्टर सर्वेश कठेरिया, जिला पंचायत प्रशासक कमल सिंह दोहरे,कर्मचारी महासंघ के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष उत्तम कुमार शुक्ला, भाजपा मीडिया प्रभारी भूरे चौबे, शिक्षक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक राजेश अग्निहोत्री,जिला उपाध्यक्ष योगेंद्र कैथवार, कमलेश अवस्थी, जिला महामंत्री मनु राजपूत, कौशल राजपूत ने पार्टी नेतृत्व के निर्णय का स्वागत करते हुए प्रत्याशी को शुभकामनाएं दीं।
23 अक्टूबर को होगा मतदान
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की 11 सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित हो चुका है। नामांकन प्रक्रिया 29 सितंबर से शुरू हुई है। मतदान 23 अक्टूबर 2026 को और मतगणना 27 अक्टूबर 2026 को होगी। भाजपा ने इन सभी 11 सीटों के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा पूरी कर दी है।


