•आलू भंडारण पर अनुदान के लिए भी अंतिम तिथि निर्धारित, इसके बाद स्वीकार नहीं होंगे ऑनलाइन आवेदन।
विजय दूत(मयंक त्रिपाठी)
औरैया। जिले के निजी शीतगृहों में भंडारित आलू की निकासी के लिए किसानों को 30 नवंबर 2026 तक का समय दिया गया है। निर्धारित तिथि तक सभी आलू उत्पादक किसान अपने भंडारित आलू एवं आलू बीज की निकासी सुनिश्चित कर लें। शासन की ओर से आलू निकासी की अंतिम तिथि 30 नवंबर निर्धारित की गई है।
जिला उद्यान अधिकारी सुनील तिवारी ने बताया कि जिले के सभी आलू उत्पादक किसानों एवं निजी शीतगृह स्वामियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आलू की शत-प्रतिशत निकासी कराने की अपेक्षा की गई है। उन्होंने बताया कि निजी शीतगृहों में भंडारित आलू पर भंडारण प्रभारी अनुदान योजना का लाभ लेने के लिए किसान 30 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए विभाग की वेबसाइट potato.uphorticulture.in पर आवेदन करना होगा। 30 नवंबर के बाद पोर्टल पर कोई आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जनपद के 17 निजी शीतगृहों में कुल 1,37,253 मीट्रिक टन आलू भंडारित किया गया था, जिसके सापेक्ष अब तक 76 प्रतिशत आलू की निकासी हो चुकी है। भंडारण प्रभारी अनुदान योजना के तहत अब तक 1417 किसानों ने आवेदन किया है। इनमें से 581 किसानों के आवेदन स्वीकृत कर 40.04 लाख रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से भेजी जा चुकी है। शेष किसानों के आवेदनों का सत्यापन कर अनुदान राशि उनके खातों में भेजी जा रही है।
जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि अनुदान प्राप्त करने के लिए किसानों को आधार कार्ड, बैंक पासबुक, खतौनी, खसरा, आमद रसीद, भाड़ा भुगतान की रसीद, गेटपास एवं मोबाइल नंबर सहित आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराने होंगे। उन्होंने किसानों से समय रहते आलू की निकासी और अनुदान के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है।


