•सुलभ इंटरनेशनल की पहल पर सैकड़ों महिलाओं ने जलाए दीप, सामाजिक समावेश और सम्मान का दिया संदेश।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
वृंदावन। धार्मिक उत्सवों से कभी वंचित रखी जाने वाली वृंदावन की सैकड़ों विधवा माताओं ने शुक्रवार को 500 वर्ष पुराने ऐतिहासिक गोपीनाथ मंदिर में दीपावली मनाई। सुलभ इंटरनेशनल की ओर से आयोजित इस विशेष समारोह में विभिन्न आश्रय गृहों में रहने वाली महिलाओं ने रंग-बिरंगे दीप जलाकर खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम का उद्देश्य विधवा महिलाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना और उन्हें सम्मान के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में भागीदारी दिलाना रहा।
सुलभ इंटरनेशनल की कार्यकारी संयोजक नित्या पाठक ने कहा कि यह आयोजन केवल दीपोत्सव नहीं, बल्कि विधवा माताओं के जीवन में आशा, गरिमा और सामाजिक समावेश का प्रतीक है। संस्था के संस्थापक स्वर्गीय डॉ. बिंदेश्वर पाठक ने इन महिलाओं के जीवन में बदलाव लाने की पहल की थी।
गौरतलब है कि सुलभ इंटरनेशनल वर्ष 2012 से वृंदावन और वाराणसी के विभिन्न आश्रमों में रहने वाली सैकड़ों विधवा माताओं की देखभाल कर रहा है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के क्रम में भी संस्था इस दिशा में कार्यरत है।
विधवा माता छवि दासी ने कहा कि इन प्रयासों से विधवा माताओं के जीवन में खुशियां लौटी हैं और अब वे वृंदावन में सम्मान के साथ त्योहार मना रही हैं।
कार्यक्रम में विनीता कपूर, सामाजिक कार्यकर्ता लोकेश गर्ग सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ता और विधवा माताएं मौजूद रहीं।


