•मेहदावल विधायक व सीडीओ ने नवदंपत्तियों को दिया आशीर्वाद, सुखद वैवाहिक जीवन की कामना।
केके मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत समाज कल्याण विभाग की ओर से जनपद मुख्यालय स्थित ओम रिजॉर्ट एंड मैरिज लॉन, सियरा सांथा, धनघटा रोड में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मेहदावल तहसील क्षेत्र के 107 जोड़ों का विवाह धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया। इनमें 08 जोड़े अल्पसंख्यक वर्ग के भी शामिल रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेहदावल विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद एवं उज्ज्वल वैवाहिक जीवन की मंगलकामना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से गरीब परिवारों की बेटियों का विवाह बिना किसी जाति-धर्म के भेदभाव के कराया जा रहा है। उन्होंने योजना के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया।
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से बेटियों के जन्म से लेकर उनके विवाह तक परिवारों को सहयोग प्रदान कर रही है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए महत्वपूर्ण सहारा बन रही है।
समारोह में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित अन्य अतिथियों ने नवदंपत्तियों को आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं। सीडीओ ने वर-वधू पक्ष के परिजनों एवं कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए नवविवाहित जोड़ों के सफल एवं सुखमय दांपत्य जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में उपायुक्त श्रम एवं रोजगार प्रभात द्विवेदी, जिला समाज कल्याण अधिकारी बृजेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं वर-वधू पक्ष के परिजन मौजूद रहे।
केके मिश्रा, संवाददाता।


