बीएसए संतकबीरनगर पर भ्रष्टाचार और मनमानी के गंभीर आरोप।

Spread the love

•शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री व शिक्षा महानिदेशक से की जांच और कार्रवाई की मांग

संत कबीर नगर। जनपद संतकबीरनगर के बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह पर भ्रष्टाचार, मनमानी और न्यायालय के आदेशों की अनदेखी के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामले को लेकर शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री एवं शिक्षा महानिदेशक को शिकायती पत्र भेजकर जांच कराए जाने तथा दोषी पाए जाने पर दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ता विनोद कुमार सिंह ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि बीएसए पिछले तीन वर्षों से जिले में तैनात हैं और मनमाने तरीके से विभागीय कार्यों का संचालन कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग में जातिवाद का माहौल पैदा कर शिक्षकों के साथ दुर्व्यवहार एवं उत्पीड़न किया जा रहा है।

शिकायती पत्र में कहा गया है कि न्यायालय के आदेशों और विधिक प्रावधानों को दरकिनार करते हुए सेवा मुक्त मध्यान्ह भोजन समन्वयक को दोबारा बहाल कर उनसे कार्य लिया जा रहा है। इसके अलावा बिना जिलाधिकारी को जानकारी दिए आउटसोर्सिंग कर्मचारियों और लेखाकारों के कार्य पटल में बदलाव किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

मामले में एक अन्य गंभीर आरोप विदेशी डिग्री के आधार पर चयनित एक शिक्षिका की नियुक्ति को लेकर लगाया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि संबंधित चयन को विधिक रूप से निरस्त किए जाने के बावजूद नियुक्ति दी गई।

इसके साथ ही मानकविहीन और भवनविहीन विद्यालयों को मान्यता देने तथा बाद में जांच के बाद उन्हें बंद करने के आदेश जारी किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि इससे विभाग की छवि धूमिल हो रही है। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *