आय प्रमाण पत्र की जांच करने गए लेखपाल पर हमला, नाराज लेखपालों ने किया थाने का घेराव।

Spread the love

​सहजनवा(गोरखपुर)। तहसील क्षेत्र के गोहटा गांव में आय प्रमाण पत्र की जांच करने गए एक लेखपाल पर मनबढ़ों द्वारा जानलेवा हमला करने का मामला प्रकाश में आया है। आरोपी लेखपाल पर जबरन कम वार्षिक आय की रिपोर्ट लगाने का दबाव बना रहे थे। घटना से आक्रोशित लेखपाल संघ ने तहसीलदार के नेतृत्व में सहजनवा थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया। पुलिस ने पीड़ित लेखपाल की तहरीर पर दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर एक को हिरासत में ले लिया है।​

कम आय की रिपोर्ट लगाने का बना रहे थे दबाव

मिली जानकारी के अनुसार, गोहटा गांव निवासी नीरज यादव पुत्र हनुमान यादव ने आय प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया था। मंगलवार को हल्का लेखपाल जितेंद्र कुमार इस आवेदन की स्थलीय जांच करने गांव पहुंचे थे।

पीड़ित लेखपाल का आरोप है कि प्रार्थी की वास्तविक हैसियत देखने के बाद जब उन्होंने कम आय की फर्जी रिपोर्ट लगाने से मना कर दिया, तो आवेदक और उसके साथी भड़क गए।
​मनबढ़ों ने लेखपाल के साथ बदसलूकी शुरू कर दी। जब लेखपाल ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उन्हें भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। किसी तरह वहां से जान बचाकर निकले पीड़ित लेखपाल ने घटना की जानकारी अपने संघ को दी

तहसीलदार संग लेखपालों ने थाने पर बोला धावा

लेखपाल पर ड्यूटी के दौरान हुए हमले की खबर मिलते ही लेखपाल संघ में भारी आक्रोश फैल गया। संघ के अध्यक्ष रत्नेश मणि त्रिपाठी के नेतृत्व में करीब चार दर्जन (48 से अधिक) लेखपाल इकट्ठा हो गए। इसके बाद तहसीलदार राकेश कन्नौजिया को साथ लेकर सभी लेखपाल सहजनवा थाने पहुंच गए और परिसर का घेराव कर दिया। लेखपालों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की।

दो पर मुकदमा दर्ज, एक आरोपी गिरफ्तार

तनाव बढ़ता देख पुलिस तुरंत एक्शन में आई। पुलिस ने पीड़ित लेखपाल जितेंद्र कुमार की तहरीर के आधार पर आरोपी पंकज यादव और नीरज यादव के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।

थानेदार संजय कुमार मिश्र का कहना है कि लेखपाल की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर पाबंद किया जा रहा है। क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी अराजक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *