सीतापुर के नए सीएमओ बने डॉ. सुख रंजन समद्दर, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की बढ़ी उम्मीद।

Spread the love

सीतापुर। उत्तर प्रदेश शासन ने जनपद सीतापुर की स्वास्थ्य व्यवस्था को नया नेतृत्व देते हुए डॉ. सुख रंजन समद्दर को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) नियुक्त किया है। शासन के आदेश के बाद उन्होंने जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की कमान संभाल ली है। उनकी नियुक्ति को स्वास्थ्य विभाग के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

डॉ. समद्दर इससे पहले लखनऊ के बलरामपुर अस्पताल में वरिष्ठ परामर्शदाता के रूप में सेवाएं दे रहे थे। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में उनके लंबे अनुभव को देखते हुए शासन ने उन्हें सीतापुर जैसे बड़े जनपद की जिम्मेदारी सौंपी है।

गौरतलब है कि जिले में सीएमओ का नियमित पद लंबे समय से रिक्त चल रहा था। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग का कार्यभार कार्यवाहक सीएमओ डॉ. अनूप कुमार श्रीवास्तव संभाल रहे थे। नियमित नियुक्ति होने से विभागीय कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

नवनियुक्त सीएमओ के सामने जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने, चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी संचालन जैसी महत्वपूर्ण चुनौतियां होंगी। इसके अलावा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने तथा संक्रामक रोगों की रोकथाम पर भी विशेष ध्यान देना होगा।

स्वास्थ्य विभाग से जुड़े लोगों का मानना है कि डॉ. समद्दर का प्रशासनिक एवं चिकित्सकीय अनुभव जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने में सहायक सिद्ध हो सकता है। वहीं आमजन को भी उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा और अवैध रूप से संचालित झोलाछाप चिकित्सकों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई देखने को मिलेगी।

अब जिले की जनता की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि नए सीएमओ स्वास्थ्य व्यवस्था को कितना मजबूत बना पाते हैं और स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों तक कितनी प्रभावी ढंग से पहुंचा पाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *