रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
सीतापुर। केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून से 21 जून 2026 तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर जनपद सीतापुर के प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज कुमार पांडेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा, विभागवार दायित्व, प्रचार-प्रसार, जनसहभागिता तथा अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के क्षेत्र में अनेक ऐतिहासिक और जनहितकारी कार्य किए हैं। इन उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से 5 जून से 21 जून तक जनपद भर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी तथा लाभार्थियों से संवाद स्थापित कर उनके अनुभव भी साझा किए जाएंगे। कार्यक्रमों का आयोजन जनपद, तहसील, विकास खंड और ग्राम पंचायत स्तर तक प्रभावी ढंग से किया जाएगा, जिसमें जनसहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान पर विशेष जोर
प्रभारी मंत्री ने बैठक में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को विशेष रूप से सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और वृक्षारोपण के माध्यम से आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, छात्र-छात्राओं एवं आम नागरिकों से अपनी माता के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
उन्होंने निर्देश दिए कि 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं तथा 21 जून तक चलने वाले अभियान के दौरान व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण एवं जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएं।
लाभार्थी सम्मेलन से लेकर योग कार्यक्रम तक होंगे आयोजन
प्रभारी मंत्री ने बताया कि अभियान के अंतर्गत लाभार्थी सम्मेलन, विकास प्रदर्शनी, संगोष्ठियां, जनजागरूकता अभियान, स्वच्छता कार्यक्रम, स्वास्थ्य शिविर, योग कार्यक्रम तथा युवा एवं महिला समूहों की सहभागिता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रमों में केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों को आमंत्रित कर उनके अनुभव साझा कराए जाएं।
उन्होंने अधिकारियों को कार्यक्रमों के व्यापक प्रचार-प्रसार, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, सुरक्षा एवं चिकित्सा जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने तथा कार्यक्रमों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने प्रस्तुत की कार्ययोजना
बैठक में जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुरूप विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली गई है तथा सभी संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। कार्यक्रमों के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर लगातार समीक्षा की जा रही है। उन्होंने प्रभारी मंत्री को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा दिए गए सभी सुझावों और निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही, सांसद अशोक रावत, विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, विधायक शशांक त्रिवेदी, रामकृष्ण भार्गव, निर्मल वर्मा, ज्ञान तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी, अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।