मथुरा में ऑनलाइन प्रवचन की आड़ में युवतियों का शोषण, स्वयंभू साधु अभिषेक मिश्रा गिरफ्तार।

Spread the love

मथुरा/गोवर्धन। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के गोवर्धन क्षेत्र में पुलिस ने एक स्वयंभू साधु को गिरफ्तार किया है, जिस पर ऑनलाइन प्रवचन और आध्यात्मिक मार्गदर्शन के नाम पर शिक्षित युवतियों को अपने जाल में फंसाने, नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म करने तथा अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के गंभीर आरोप लगे हैं। आरोपी की पहचान अभिषेक मिश्रा उर्फ आदिकर्ता नारायण दास के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 29 वर्षीय अभिषेक मिश्रा मूल रूप से ओडिशा का रहने वाला है और उसने आईआईटी रुड़की से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी। इसके बाद वह मथुरा के राधाकुंड क्षेत्र में रहने लगा और ऑनलाइन प्रवचन, गीता ज्ञान तथा आध्यात्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों से संपर्क बनाता था।

मामले का खुलासा तब हुआ जब छत्तीसगढ़ की एक 22 वर्षीय नर्सिंग छात्रा ने गोवर्धन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसे प्रसाद बताकर नशीला पदार्थ मिला दूध पिलाया, उसके बाद दुष्कर्म किया और उसकी आपत्तिजनक फोटो व वीडियो बना लीं। बाद में इन्हीं वीडियो के आधार पर उसे ब्लैकमेल कर लाखों रुपये की मांग की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के राधाकुंड स्थित आश्रमनुमा परिसर पर छापा मारा। वहां से दो युवतियों और एक युवक को बरामद कर उनके परिजनों को सौंपा गया। पुलिस को आरोपी के मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से कई आपत्तिजनक फोटो एवं वीडियो भी मिले हैं। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि कई अन्य युवतियां भी उसके जाल में फंसी हो सकती हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग, धोखाधड़ी और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि उसने कितने लोगों को अपना शिकार बनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *