
— शहनाज़ हुसैन
अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सौंदर्य विशेषज्ञ एवं हर्बल क्वीन
घरेलू नुस्खे। गर्मियों के मौसम में तेज धूप, पसीना, धूल-मिट्टी और त्वचा की उचित देखभाल न होने के कारण माथे पर कालापन या टैनिंग की समस्या आम हो जाती है। कई बार यह कालापन इतना स्पष्ट दिखाई देने लगता है कि चेहरे की प्राकृतिक रंगत फीकी पड़ जाती है। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सौंदर्य विशेषज्ञ एवं ‘हर्बल क्वीन’ के नाम से प्रसिद्ध शहनाज़ हुसैन के अनुसार कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर माथे के कालेपन को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
माथे के कालेपन के प्रमुख कारण
शहनाज़ हुसैन बताती हैं कि माथे का कालापन केवल धूप की वजह से नहीं होता, बल्कि इसके पीछे कई अन्य कारण भी हो सकते हैं, जैसे—
- तेज धूप और यूवी किरणों का प्रभाव
- अत्यधिक पसीना आना और बार-बार माथा रगड़ना
- पोषक तत्वों की कमी
- हार्मोनल बदलाव
- बार-बार बाम का उपयोग
- हेयर कलर में मौजूद रसायनों से एलर्जी
- परफ्यूम या अन्य कॉस्मेटिक उत्पादों से संवेदनशीलता
- धूल, मिट्टी और प्रदूषण
ओट्स और छाछ का पैक
माथे की टैनिंग और मृत त्वचा कोशिकाओं को हटाने के लिए ओट्स और छाछ का मिश्रण बेहद लाभकारी माना जाता है।
विधि:
- 2 चम्मच ओट्स को पानी में 5 मिनट तक भिगो दें।
- इसमें 3 चम्मच छाछ मिलाएं।
- मिश्रण को माथे और चेहरे पर हल्के हाथों से मसाज करते हुए लगाएं।
- 30 मिनट बाद साफ पानी से धो लें।
इस उपाय को सप्ताह में तीन बार किया जा सकता है।
कच्चे दूध और हल्दी का प्रयोग
हल्दी में एंटीसेप्टिक, एंटीबैक्टीरियल और त्वचा की रंगत निखारने वाले गुण पाए जाते हैं।
विधि:
- आधा चम्मच हल्दी में आवश्यकतानुसार कच्चा दूध मिलाकर पेस्ट तैयार करें।
- इसे माथे पर लगाकर सूखने दें।
- बाद में ताजे पानी से धो लें।
नियमित उपयोग से माथे का कालापन धीरे-धीरे कम होने लगता है।
कच्चे दूध और गुलाबजल का उपाय
कच्चे दूध में मौजूद लैक्टिक एसिड त्वचा की रंगत सुधारने में सहायक होता है।
विधि:
- कच्चे दूध में गुलाबजल मिलाएं।
- रात को सोने से पहले माथे पर लगाएं।
- सुबह चेहरा धो लें।
इससे त्वचा साफ, मुलायम और चमकदार बनती है।
शहद और नींबू का मिश्रण
नींबू में प्राकृतिक ब्लीचिंग गुण पाए जाते हैं, जबकि शहद त्वचा को पोषण प्रदान करता है।
विधि:
- 1 चम्मच शहद में आधा चम्मच नींबू का रस मिलाएं।
- मिश्रण को माथे पर लगाकर 30 से 45 मिनट तक छोड़ दें।
- इसके बाद साफ पानी से धो लें।
नियमित प्रयोग से त्वचा की रंगत में सुधार आता है।
प्राकृतिक तेलों से मालिश
नारियल तेल, बादाम तेल और ऑलिव ऑयल त्वचा को पोषण देने के साथ हाइपरपिग्मेंटेशन कम करने में भी मदद कर सकते हैं।
विशेष पैक:
- 1 चम्मच बादाम तेल
- 1 चम्मच शहद
- थोड़ा दूध पाउडर
इन सभी को मिलाकर पेस्ट बनाएं और माथे पर लगाएं। सूखने के बाद हल्के हाथों से रगड़कर साफ कर लें।
खीरे और टमाटर का रस
- खीरे का रस नियमित रूप से लगाने से टैनिंग कम होती है और त्वचा को ठंडक मिलती है।
- टमाटर का रस एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होता है, जो त्वचा को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद करता है तथा रंगत निखारता है।
सावधानी भी जरूरी
विशेषज्ञों के अनुसार यदि माथे का कालापन लंबे समय तक बना रहे, तेजी से बढ़े या किसी एलर्जी के कारण हो, तो त्वचा रोग विशेषज्ञ से परामर्श अवश्य लेना चाहिए। साथ ही धूप में निकलते समय सनस्क्रीन का उपयोग और त्वचा की नियमित सफाई भी जरूरी है।