रिपोर्ट : राहुल मिश्रा।
सीतापुर। मिश्रिख कस्बे के मोहल्ला थोक-3 में कथित धर्मांतरण संबंधी सूचना मिलने पर पुलिस ने शुक्रवार को एक मकान में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एक पुरुष सहित कई महिलाओं और अन्य लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। मौके से धार्मिक साहित्य एवं अन्य सामग्री भी बरामद की गई है। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय हिन्दू शेर सेना के कार्यकर्ताओं ने पुलिस को सूचना दी थी कि क्षेत्र के एक मकान में लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किए जाने की गतिविधियां संचालित हो रही हैं। सूचना के आधार पर क्षेत्राधिकारी बृजेश कुमार और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तलाशी अभियान चलाया।
पुलिस को तलाशी के दौरान बाइबिल, धार्मिक साहित्य, मोमबत्तियां, स्टील का स्टैंड तथा अन्य सामग्री मिली। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों को पूछताछ के लिए कोतवाली लाया गया, जहां उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक सूचना धर्मांतरण के लिए प्रेरित किए जाने से संबंधित थी। बरामद सामग्री और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है। सभी संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं राष्ट्रीय हिन्दू शेर सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास हिन्दू ने दावा किया कि संगठन के कार्यकर्ता काफी समय से इस गतिविधि पर नजर रखे हुए थे। सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस को अवगत कराया गया, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। उन्होंने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्राधिकारी बृजेश कुमार ने कहा कि पुलिस निष्पक्षता के साथ मामले की जांच कर रही है। यदि जांच में उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के उल्लंघन अथवा किसी अन्य गैरकानूनी गतिविधि के प्रमाण मिलते हैं, तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच अभी प्रारंभिक चरण में है। केवल धार्मिक साहित्य की बरामदगी या धार्मिक सभा आयोजित होने से धर्मांतरण की पुष्टि नहीं होती। सभी तथ्यों, दस्तावेजों, गवाहों के बयानों और बरामद सामग्री की जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।