मोबाइल सेंटर संचालक चढ़ा आरपीएफ के हत्थे, ई-टिकटों के अवैध कारोबार का भंडाफोड़।

Spread the love

👉 ई-टिकट दलाल गिरफ्तार,46 हजार से अधिक के टिकट बरामद।
👉आरपीएफ बस्ती व लखनऊ मंडल की स्पेशल टास्क टीम की संयुक्त कार्रवाई, निजी यूजर आईडी से बनाकर बेचता था टिकट।

बस्ती/संतकबीरनगर। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) बस्ती एवं लखनऊ मंडल की स्पेशल टास्क टीम ने ई-टिकटों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित टिकट दलाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 46 हजार रुपये से अधिक मूल्य के रेलवे ई-टिकट बरामद किए गए हैं।

आरपीएफ को मुख्यालय लखनऊ से प्राप्त संदिग्ध मोबाइल नंबरों एवं यूजर आईडी के सत्यापन के दौरान मुखबिर की सूचना मिली कि संतकबीरनगर जिले के लोहरौली बाजार स्थित एक मोबाइल सेंटर से निजी यूजर आईडी के माध्यम से रेलवे ई-टिकटों का अवैध कारोबार किया जा रहा है। सूचना पर वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, लखनऊ के निर्देशन तथा सहायक सुरक्षा आयुक्त, गोरखपुर के पर्यवेक्षण में स्पेशल टास्क टीम एवं आरपीएफ पोस्ट बस्ती की संयुक्त टीम ने छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान नौशाद टेलीकॉम मोबाइल सेंटर के संचालक मोहम्मद शाबान (37) निवासी सिसवा दाखिली, थाना दुधारा, जनपद संतकबीरनगर को गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में पाया गया कि आरोपी विभिन्न निजी यूजर आईडी का उपयोग कर रेलवे ई-टिकट बनाता था और यात्रियों से टिकट के वास्तविक मूल्य के अतिरिक्त 1200 से 1300 रुपये तक वसूल कर बेचता था।

आरपीएफ के अनुसार आरोपी के कब्जे से आठ निजी यूजर आईडी संचालित होने के प्रमाण मिले। इनमें सात लाइव (यात्रा शेष) ई-टिकट तथा चार यात्रा पूर्ण टिकट बरामद हुए, जिनकी कुल कीमत 46,165.55 रुपये आंकी गई है।

मामले में आरोपी के सहयोगी रोहित कुमार की भूमिका भी सामने आई है, जिसकी तलाश की जा रही है। इस संबंध में रेल अधिनियम की धारा 143 के तहत मुकदमा संख्या 593/26 दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच आरपीएफ चौकी खलीलाबाद के सहायक उपनिरीक्षक श्रीराम को सौंपी गई है।

आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि रेलवे ई-टिकटों के अवैध कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *