सिद्धार्थनगर। जनपदीय एसओजी, सर्विलांस सेल एवं थाना त्रिलोकपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने 30 टन गेहूं के गबन के मामले का सफल खुलासा करते हुए फरार चालक और सहचालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से ट्रक संख्या यूपी-61टी-9372, लगभग 9,855 किलोग्राम गेहूं तथा बिक्री से प्राप्त धनराशि बरामद की है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, बीते 20 मई को त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बड़हरा विशुनपुर स्थित शिव शक्ति ट्रेडर्स से करीब 30 टन गेहूं ट्रक पर लादकर गोंडा भेजा गया था। ट्रक चालक अनिल यादव और सहचालक सुभाष यादव माल को निर्धारित स्थान तक पहुंचाने के बजाय अपने मोबाइल फोन बंद कर फरार हो गए तथा गेहूं को औने-पौने दामों में बेचकर उसका गबन कर लिया। इस संबंध में व्यापारी बलिराम गुप्ता की तहरीर पर 25 मई को थाना त्रिलोकपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
इस मामले में प्रभारी निरीक्षक हरेकृष्ण उपाध्याय, एसओजी प्रभारी चन्द्रकान्त पाण्डेय के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने 4 जून को बिस्कोहर-बलरामपुर बॉर्डर क्षेत्र से दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अनिल यादव पुत्र गोमती यादव निवासी विशुनपुर काशीनाथ थाना गम्भीरपुर जनपद आजमगढ़ तथा सुभाष यादव पुत्र खरभान यादव निवासी विथरिया थाना दुल्लहपुर जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि गेहूं बेचकर प्राप्त धनराशि में से 1.20 लाख रुपये यूपीआई के माध्यम से वादी के खाते में भेज दिए गए हैं। इसके अलावा 1.50 लाख रुपये अपनी पत्नी के खाते में स्थानांतरित किए गए थे, जिसे फ्रीज कराने की कार्रवाई की जा रही है, जबकि 58,500 रुपये ट्रैक्टर की किस्त जमा करने में खर्च किए गए।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों अभियुक्त शातिर प्रवृत्ति के हैं तथा वर्ष 2025 में गाजीपुर से राजस्थान चावल लेकर जाते समय माल सहित फरार होने और वाराणसी में एक पेप्सी व्यवसायी के साथ धोखाधड़ी करने की घटनाओं में भी उनकी संलिप्तता की जानकारी मिली है। इन मामलों की विस्तृत जांच की जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक हरेकृष्ण उपाध्याय ने बताया कि दोनों अभियुक्तों के खिलाफ विभिन्न जनपदों में पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक त्रिलोकपुर हरेकृष्ण उपाध्याय, एसओजी प्रभारी चन्द्रकान्त पाण्डेय, प्रभारी सर्विलांस सेल हरेन्द्र चौहान, उपनिरीक्षक शिवाकान्त राय, हेड कांस्टेबल आशुतोष धर दूबे, राजीव कुमार शुक्ला, मनोज राय, मनीन्द्र प्रताप चन्द्र, दिलीप कुमार, पुष्पेन्द्र कुमार, रवि कुमार, कांस्टेबल छविराज यादव, वीरेन्द्र तिवारी, रोहित चौहान, नितिन पाठक आदि शामिल रहें।