खाद्य सुरक्षा समिति की बैठक में डीएम सख्त, मछली मंडी की गंदगी पर जताई नाराजगी।

Spread the love

सीतापुर। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. की अध्यक्षता में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की जिला स्तरीय स्टेयरिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभाग द्वारा वर्तमान एवं विगत वित्तीय वर्ष में किए गए प्रवर्तन कार्यों तथा संचालित योजनाओं का विवरण प्रस्तुत किया गया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खाद्य कारोबारियों को अखाद्य रंगों के प्रयोग से बचने के लिए जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि अनुमन्य खाद्य रंगों का प्रयोग भी निर्धारित सीमा 100 पीपीएम तक ही किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने शहर की मछली मंडी में व्याप्त गंदगी और अव्यवस्थाओं पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने नगर पालिका को मछली मंडी में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा मंडी को अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा, जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग के सहयोग से खुले में मीट और मांस बेचने वाले व्यापारियों के लिए ग्रीन शेड नेट का उपयोग अनिवार्य कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इससे स्वच्छता बनाए रखने के साथ-साथ खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता भी सुरक्षित रहेगी।बैठक में अपर जिलाधिकारी आयुष चौधरी, व्यापार मंडल के पदाधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *