रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
संदना (सीतापुर)। संदना थाना क्षेत्र में बीएससी छात्रा मानसी हत्याकांड के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुख्य आरोपी विशाल पाल को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को क्षेत्राधिकारी मिश्रिख के पर्यवेक्षण में संदना थाना पुलिस नामजद आरोपी विशाल पाल से पूछताछ कर रही थी। पूछताछ के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस टीम आरोपी को घटना से जुड़े साक्ष्यों की बरामदगी के लिए लेकर गई थी।
इसी दौरान ग्राम रामपुर मड़िया रोड के किनारे स्थित यूकेलिप्टस के बाग के पास आरोपी ने शौच जाने का बहाना बनाया। पुलिस का आरोप है कि मौका पाकर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी विशाल पाल (पुत्र भन्नू पाल, निवासी सरैया, थाना संदना) के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तत्काल हिरासत में लेकर अस्पताल भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने मानसी की हत्या करने की बात स्वीकार की है। उसने बताया कि उसका और मानसी का लंबे समय से प्रेम संबंध था तथा युवती करीब तीन माह की गर्भवती थी। आरोपी के अनुसार, 25 मई 2026 को वह मानसी को सिधौली से मोटरसाइकिल पर बैठाकर लखनऊ के बीकेटी क्षेत्र स्थित किसान पथ के पास एक सुनसान स्थान पर ले गया था।
वहां शादी और साथ रहने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान उसने गला दबाकर मानसी की हत्या कर दी। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पहचान छिपाने और साक्ष्य नष्ट करने के उद्देश्य से घटनास्थल पर पड़े सीमेंट के पिलर को शव के गले पर रख दिया था और अगले दिन अपने घर लौट आया था। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है तथा अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।