फ्रिज का तार जोड़ते समय करंट लगने से युवक की मौत, चार माह के मासूम के सिर से उठा पिता का साया।

Spread the love

बस्ती। जिले के नगर थाना क्षेत्र के कुढ़वा गांव में शुक्रवार सुबह हुए एक दर्दनाक हादसे में 28 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, कुढ़वा गांव निवासी राजदेव यादव (28) घर में फ्रिज का तार जोड़ रहे थे। इसी दौरान अचानक उन्हें तेज करंट लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

बताया जाता है कि राजदेव गुजरात की एक निजी कंपनी में इलेक्ट्रीशियन के पद पर कार्यरत थे और परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उन्होंने आईटीआई से इलेक्ट्रिशियन ट्रेड की पढ़ाई की थी। उनका विवाह पिछले वर्ष ज्योति से हुआ था। उनके परिवार में पत्नी और चार माह का एक मासूम बेटा है।

राजदेव की असामयिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। चार माह के मासूम बच्चे के सिर से पिता का साया उठ गया, जबकि पत्नी, मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलते ही गांव के लोग बड़ी संख्या में मृतक के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। इस हृदयविदारक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *