रिपोर्ट : अजमत अली।
कुदरहा, बस्ती। लालगंज थाना क्षेत्र के सिरगोटवा गांव में मंगलवार शाम करीब तीन बजे करंट की चपेट में आने से एक भैंस की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में विद्युत विभाग की लापरवाही को लेकर नाराजगी है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी रमेश शर्मा पुत्र बाढ़ू शर्मा की भैंस गांव के बाहर स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास चर रही थी। इसी दौरान वह पास में लगे विद्युत ट्रांसफार्मर के निकट पहुंच गई, जहां अचानक करंट प्रवाहित हो गया और भैंस उसकी चपेट में आ गई। जब तक ग्रामीण कुछ समझ पाते, तब तक उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर के पास पोल से जुड़ा अर्थिंग का तार जमीन तक गया है, जिसमें अचानक करंट उतर आने से यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।