रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
मिश्रिख (सीतापुर)। बीते दिवस मिश्रिख–सिधौली मार्ग पर एमडी इंटर कॉलेज के समीप एक विशाल यूकेलिप्टस का पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया। पेड़ गिरने से मार्ग पर कई घंटों तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों व वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पेड़ गिरने की चपेट में एक बिजली का पोल और विद्युत तार भी आ गए, जिससे बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई। राहत की बात यह रही कि घटना के समय कोई व्यक्ति या वाहन पेड़ की चपेट में नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने संबंधित विभागों को अवगत कराया। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद वन विभाग की टीम मौके पर देर से पहुंची, जिससे पेड़ हटाने और यातायात बहाल करने में अनावश्यक विलंब हुआ।
उधर, बिजली विभाग की टीम ने क्षतिग्रस्त पोल और विद्युत तारों की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया। वहीं प्रशासन ने सड़क से पेड़ हटवाकर मार्ग को यातायात के लिए सुचारु कराने की कार्रवाई की।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि सड़क किनारे जर्जर एवं जोखिमपूर्ण पेड़ों का समय रहते सर्वेक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।