हल्की बारिश में खुली मिश्रिख नगर पालिका की सफाई व्यवस्था की पोल, जलभराव व गंदगी से संक्रमण का खतरा।

Spread the love

सीतापुर: मिश्रिख नगर में हल्की बारिश के बाद नगर पालिका की सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत साफ-सफाई के दावों के बावजूद नगर में नालियों की नियमित सफाई नहीं हो रही है, जिससे बारिश के दौरान कूड़ा-करकट नालियों में फंसकर जल निकासी बाधित हो जाती है।

बारिश के कारण कई स्थानों पर नालियां ओवरफ्लो हो गईं और कूड़ा सड़कों पर फैल गया। इसके चलते गंदा पानी और कूड़ा आसपास के घरों तक पहुंचने लगा, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो गंदगी के कारण संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका बढ़ सकती है।

नगरवासियों ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेते हुए नगर पालिका की सफाई व्यवस्था की जांच कराने तथा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। साथ ही नगर पालिका प्रशासन से नियमित सफाई, नालियों की समय पर सफाई और जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी अपील की गई है।

स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि नगर पालिका परिषद मिश्रिख की अध्यक्ष सीमा भार्गव के नेतृत्व में सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिए जाने की आवश्यकता है, ताकि बरसात के मौसम में नगरवासियों को गंदगी और जलभराव जैसी समस्याओं से राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *