रिपोर्ट : बृजेश कुमार तिवारी।
प्रयागराज। टीजीटी-पीजीटी 2026 के 20 हजार से अधिक रिक्त पदों पर पुरानी नियमावली के आधार पर विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर गुरुवार को युवा मंच के बैनर तले सिविल लाइंस स्थित पत्थर गिरजाघर धरना स्थल पर शक्ति प्रदर्शन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने भाग लिया और नई नियमावली के विरोध में नारेबाजी करते हुए पुरानी व्यवस्था से भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग उठाई।



प्रदर्शन को संबोधित करते हुए युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि यदि नई नियमावली के तहत भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई तो प्रदेश के लगभग 5 से 7 लाख अभ्यर्थी प्रभावित होंगे। उन्होंने सरकार से छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए टीजीटी-पीजीटी भर्ती का विज्ञापन पुरानी नियमावली के आधार पर जारी करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि नई नियमावली का गजट 16 सितंबर 2025 को जारी हुआ था और इसे लागू हुए अभी लगभग 9 से 10 माह ही हुए हैं। इतने कम समय में सभी अभ्यर्थियों के लिए नई योग्यता के अनुरूप डिग्री या प्रशिक्षण प्राप्त करना संभव नहीं है। ऐसे में लंबे समय से शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के साथ अन्याय होगा।
युवा मंच ने सरकार से मांग की कि अभ्यर्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए टीजीटी-पीजीटी 2026 के 20 हजार से अधिक रिक्त पदों पर पुरानी नियमावली के अनुसार जल्द विज्ञापन जारी किया जाए।
प्रदर्शन में अशोक सिंह, साधना सिंह, दीपा सिंह, रीता, अमृत सोनकर, प्रियंका मिश्रा, विनीता, रिंकी चौहान, आरती सिंह, बृजेश पाण्डेय, अखिलेश वर्मा, एल.के. चौधरी, कुमार कौशल, अमित पाण्डेय, भानु प्रताप शुक्ला, के.डी. वर्मा, बृजेश सिंह, संदीप पाल, बृजेश तिवारी, आदित्य पाल सहित बड़ी संख्या में प्रतियोगी छात्र एवं युवा मंच के पदाधिकारी मौजूद रहे।