लखनऊ। समाज कल्याण विभाग के लाभार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए शुरू किया गया ‘कल्याण साथी’ कमांड सेंटर लगातार प्रभावी ढंग से काम कर रहा है। पिछले करीब दो वर्षों में कमांड सेंटर में प्रदेशभर से 55,698 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 51,214 का निस्तारण किया जा चुका है। इस दौरान शिकायतों के निस्तारण की दर 84.22 प्रतिशत रही है।
समाज कल्याण राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार असीम अरुण ने कहा कि ‘कल्याण साथी’ का उद्देश्य केवल लाभार्थियों की शिकायत दर्ज करना नहीं, बल्कि उनकी समस्या का समाधान सुनिश्चित करना है। समाधान के बाद लाभार्थी की संतुष्टि जानने का भी प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि लाभार्थियों से सीधे प्राप्त प्रक्रिया के माध्यम से विभाग को योजनाओं और सेवाओं में आने वाली वास्तविक समस्याओं को समझने तथा आवश्यक सुधार करने में मदद मिल रही है।कमांड सेंटर की विशेषता यह है कि शिकायत के समाधान के बाद लाभार्थी से दोबारा संपर्क कर यह जानकारी ली जाती है कि उसकी समस्या का समाधान हुआ या नहीं और वह समाधान से संतुष्ट है या नहीं। अब तक 42,822 लाभार्थियों से फीडबैक लिया जा चुका है। इस प्रक्रिया के माध्यम से शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता और लाभार्थियों की संतुष्टि दोनों पर नजर रखी जा रही है।
कल्याण साथी’ कमांड सेंटर के माध्यम से लाभार्थियों से लगातार संपर्क किया जा रहा है। यहां प्रतिदिन औसतन 2,272.29 कॉल प्राप्त हो रही हैं। प्राप्त शिकायतों को दर्ज करने के बाद संबंधित स्तर पर भेजा जाता है और उनके निस्तारण की स्थिति की नियमित निगरानी की जाती है।
समाज कल्याण विभाग की योजनाओं से जुड़ी समस्या या शिकायत दर्ज कराने के लिए लाभार्थी ‘कल्याण साथी’ हेल्पलाइन नंबर 14568 पर सीधे संपर्क कर सकते हैं। कमांड सेंटर की सुविधा सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध है। हेल्पलाइन के अलावा वेब पोर्टल, ई-मेल, व्हाट्सएप और अन्य माध्यमों से भी शिकायत दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध ह।


