•एएसपी मानसी दहिया का नवाचार, प्रत्येक शुक्रवार पुलिस लाइन में होगा फायरिंग व तकनीकी दक्षता का मूल्यांकन
बस्ती। पुलिस बल को अधिक पेशेवर, चुस्त-दुरुस्त और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रखने के उद्देश्य से एएसपी/सीओ सिटी मानसी दहिया ने नई पहल शुरू की है। इसके तहत अब प्रत्येक शुक्रवार पुलिस लाइन में 60 पुलिसकर्मियों के बैच की हथियार संचालन, फायरिंग और रखरखाव संबंधी दक्षता की जांच की जाएगी।
रोस्टर के आधार पर प्रत्येक सप्ताह 60 पुलिसकर्मियों का चयन किया जाएगा। इन कर्मियों की तकनीकी दक्षता और फायरिंग कौशल का मूल्यांकन करने के साथ उन्हें आधुनिक हथियारों के सुरक्षित संचालन, असेंबल-डिसअसेंबल और रखरखाव का नियमित अभ्यास कराया जाएगा। प्रशिक्षण में इंसास राइफल, एके-47, एसएलआर, कार्बाइन समेत अन्य स्वचालित हथियार शामिल हैं।
इस पहल का उद्देश्य पुलिसकर्मियों के भीतर हथियारों के संचालन को लेकर किसी भी तरह की झिझक दूर करना और उन्हें आकस्मिक परिस्थितियों के लिए तैयार रखना है। अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था की ड्यूटी के दौरान अचानक उत्पन्न होने वाली विषम परिस्थितियों में पुलिसकर्मी बिना किसी देरी के हथियार का प्रभावी और सुरक्षित इस्तेमाल कर सकें, इसी को ध्यान में रखते हुए साप्ताहिक अभ्यास की व्यवस्था की गई है।
केवल फायरिंग कौशल ही नहीं, बल्कि हथियारों की साफ-सफाई, ऑयलिंग और उनकी तकनीकी खामियों की पहचान व समय रहते सुधार करने की क्षमता को भी परखा जाएगा। पुलिस लाइन के आर्मरी और फायरिंग रेंज में होने वाले इन सत्रों की निगरानी एएसपी स्तर के अधिकारी द्वारा की जाएगी।
एएसपी/सीओ सिटी मानसी दहिया ने कहा कि फील्ड ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों का हथियारों से पूरी तरह दक्ष और तैयार रहना बेहद जरूरी है। आकस्मिक परिस्थितियों में एक पल की देरी भी भारी पड़ सकती है। इसलिए पुलिस बल को ‘कॉम्बैट रेडी’ रखना प्राथमिकता है। नियमित अभ्यास से पुलिसकर्मी हथियारों की संरचना, साफ-सफाई और रखरखाव की बारीकियों में दक्ष होंगे। बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित भी किया जाएगा।
इस पहल से पुलिसकर्मियों में अनुशासन, तकनीकी दक्षता और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।


