•राजनीतिक झंडा लगी कार से देते थे वारदात को अंजाम।
बस्ती। छावनी पुलिस ने हाईवे किनारे खड़े ट्रकों और अन्य वाहनों से डीजल चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो बाल अपचारियों को संरक्षण में लिया गया है।
पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त सफेद रंग की वैन्यू कार, पांच जरीकैन और लगभग 50 लीटर चोरी का डीजल बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार गिरोह राजनीतिक दल का झंडा लगी कार का इस्तेमाल कर भोर के समय हाईवे किनारे खड़े वाहनों से डीजल चोरी करता था। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर मझौवा दूबे क्षेत्र से आदर्श वर्मा निवासी अंबेडकरनगर और लवकुश चौहान निवासी अयोध्या को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपितों ने बस्ती समेत कई जिलों में डीजल चोरी की घटनाएं स्वीकार की हैं। पुलिस ने दोनों को न्यायालय भेज दिया है।


